Bihar News: हाजीपुर में पुलिस की 'सर्जिकल स्ट्राइक'! भूसी के ढेर से निकली 1 करोड़ की विदेशी शराब, माफियाओं में हड़कंप

Bihar News: बिहार में शराब माफियाओं के खिलाफ वैशाली पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी 'सर्जिकल स्ट्राइक' की है। हाजीपुर में पुलिस ने तस्करी के एक ऐसे हाई-टेक तरीके का भंडाफोड़ किया है जिसे देखकर खुद अधिकारी भी दंग रह गए।

शराब
1 करोड़ की शराब बंद - फोटो : social media

Bihar News: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं। लेकिन वैशाली पुलिस भी अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। ताजा मामला हाजीपुर से सामने आया है, जहां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी शराब बरामद की है।

1 करोड़ की शराब जब्त 

दरअसल मामला औद्योगिक थाना हाजीपुर क्षेत्र के हाजीपुर–जंदाहा मुख्य मार्ग का है। यहां सिपेट के पास पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफिया बड़ी खेप को इलाके में खपाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही विक्रम सिहाग के निर्देश पर सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सिपेट के पास खड़े एक संदिग्ध ट्रक की जांच शुरू की।

भूसी के बोरे से मिली शराब 

जांच के दौरान ट्रक में लकड़ी की भूसी से भरे बोरे लदे हुए मिले। लेकिन पुलिस को शक होने पर जब भूसी के बोरे हटाए गए तो बड़ा खुलासा हुआ। ट्रक में भूसी के नीचे एक गुप्त तहखाना बनाया गया था, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना लाया, जहां एक-एक कर शराब की पेटियों को उतारा गया। 

चालक फरार 

पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ट्रक को जब्त कर पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस शराब तस्करी गिरोह का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट