देह व्यापार के दो अड्डों अभिषेक वैशाली' और 'द रॉयल कैफे' में मारी रेड, आपत्तिजनक हालत में मिले 3 जोड़े; अब जाएंगे जेल
होटलों में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा। एसडीपीओ गोपाल मंडल की अगुवाई में हुई छापेमारी में 3 युवतियां रेस्क्यू, होटल मालिक सहित 3 अरेस्ट। पुलिस ने दोनों होटलों को किया सील।
Vaishali - वैशाली जिले के वैशाली थाना अंतर्गत खरौना पोखर इलाके में पुलिस ने सेक्स रैकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सदर-2 एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में दो होटलों में की गई छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल मालिक और मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से पांच मोबाइल, ₹2040 नगद और कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने बनाई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक (SP) विक्रम सिहाग को गुप्त सूचना मिली थी कि खरौना पोखर क्षेत्र स्थित 'अभिषेक वैशाली होटल' और 'द रॉयल कैफे एंड रेस्टोरेंट' में होटल की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें दो महिला सब-इंस्पेक्टर और वैशाली अंचलाधिकारी (CO) को मजिस्ट्रेट के रूप में शामिल किया गया।
आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गए लोग

छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटलों के कमरों से तीन महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। साथ ही तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया गया और एक विधि विरुद्ध बालक को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि पकड़े गए सभी लोग आपत्तिजनक अवस्था में पाए गए थे। पुलिस ने होटल मालिक अमरेश सहनी और मैनेजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

होटल मालिकों को कड़ी चेतावनी

एसडीपीओ गोपाल मंडल ने इस कार्रवाई के बाद सख्त रुख अपनाते हुए कहा, "मैं आपके चैनल के माध्यम से यहाँ के होटल मालिकों को संदेश देना चाहता हूँ कि इस तरह के कुकर्मों से बाज आएं, अन्यथा हम काफी सख्त कदम उठाएंगे।" उन्होंने जानकारी दी कि अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए दोनों होटलों को सील कर दिया गया है।
रेस्क्यू की गई महिलाओं के संबंध में पुलिस ने बताया कि उनका मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसी सूचना मिलने पर त्वरित और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Report - Rishav kumar