News4Nation की खबर का असर, स्कूल में आर्केस्ट्रा और अश्लील डांस पर गिरी गाज, डीएम ने प्रधानाध्यापक को किया निलंबित

उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुर्लियाचक में शादी समारोह के दौरान आयोजित आर्केस्ट्रा और अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानाध्यापक पर गाज गिरी है। डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।

News4Nation की खबर का असर, स्कूल में आर्केस्ट्रा और अश्लील ड

Vaishali - : शिक्षा के मंदिर को मनोरंजन का अड्डा बनाने के मामले में वैशाली जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। हाजीपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुर्लियाचक के प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई विद्यालय प्रांगण में शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा और अश्लील डांस आयोजित करने के आरोप में की गई है। बता दें कि स्कूल में हुए इस कार्यक्रम को न्यूज4नेशन ने प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए स्कूल में समिति की मनमानी को प्रमुखता से दिखाया था।

विद्यालय में ठहरी थी बारात, रात भर हुआ अश्लील डांस

मिली जानकारी के अनुसार, मुर्लियाचक विद्यालय में एक बारात ठहरी हुई थी। बारातियों के मनोरंजन के लिए रात में विद्यालय परिसर के भीतर ही आर्केस्ट्रा का इंतजाम किया गया था। इस दौरान वहां जमकर अश्लील डांस हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की काफी किरकिरी हुई थी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित हुई जांच कमेटी

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की गई। कमेटी ने अपनी शुरुआती जांच में विद्यालय के प्रधानाचार्य को प्रथम दृष्टया दोषी पाया, जिसके बाद उन्हें निलंबित करने की अनुशंसा की गई।

दोषियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में जो भी अन्य लोग दोषी पाए जाएंगे, उन पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय जैसी जगहों पर इस तरह के अनैतिक आयोजनों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रिपोर्ट - रिषभ कुमार