औचक निरीक्षण के दौरान हाजीपुर सदर अस्पताल की व्यवस्था देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री निशांत, अधिकारियों को लगाई फटकार
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को अचानक हाजीपुर सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के बिना किसी सूचना के अचानक अस्पताल पहुंचने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह भी मौेके पर पहुंची....
Vaishali : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने गुरुवार को हाजीपुर स्थित सदर अस्पताल का अचानक औचक निरीक्षण किया। मंत्री के इस प्रकार बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, डॉक्टरों और कर्मियों में भारी हड़कंप मच गया। शाम के वक्त हुए इस निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की जमीनी हकीकत को खुद परखा।
इमरजेंसी वार्ड और ड्यूटी रोस्टर की जांच में मिली खामियों पर भड़के मंत्री
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सीधे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और वहां मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति तथा साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। इसी दौरान जब मंत्री की नजर अस्पताल के ड्यूटी रोस्टर पर पड़ी, तो व्यवस्था में गड़बड़ी देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कड़े सवाल-जवाब किए और लापरवाही बरतने वालों की जमकर क्लास लगाई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं वैशाली डीएम वर्षा सिंह
स्वास्थ्य मंत्री के इस कड़े एक्शन और औचक निरीक्षण की खबर फैलते ही वैशाली की जिला पदाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह भी तुरंत सदर अस्पताल पहुंच गईं। इसके बाद मंत्री ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का दौरा किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
मंत्री के इस औचक एक्शन के बाद से पूरे प्रशासनिक और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
रिषभ की रिपोर्ट