वैशाली में सीएसपी से लूट का खुलासा: पुलिस पर फायरिंग करने वाले 5 अपराधी गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

वैशाली जिले में हुए सीएसपी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले पुलिस सभी पांच अपराधियों को हथियार के साथ धर दबोचा है। वहीं इनके पास लूटी गई रकम भी बरामद कर लिया है....

वैशाली में सीएसपी से लूट का खुलासा: पुलिस पर फायरिंग करने वा
वैशाली में सीएसपी से लूट का खुलासा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में लूटपाट करने वाले एक कुख्यात आपराधिक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। महिसौर थाना क्षेत्र के हरिप्रसाद चौक स्थित एसबीआई (SBI) के सीएसपी संचालक को डरा-धमकाकर 21 हजार रुपये लूटने वाले पांच अपराधियों को वैशाली पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तारी के दौरान बदमाशों ने भागने के क्रम में पुलिस टीम पर फायरिंग भी की थी, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए सभी को दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए पूरे 21 हजार रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।


भागने के दौरान पुलिस पर की गई फायरिंग, पीछा कर दो को पहले दबोचा

एसएसपी ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि गत 16 अक्टूबर को महिसौर थाना क्षेत्र के हरिप्रसाद चौक पर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में अपराधियों ने धावा बोलकर 21 हजार रुपये लूट लिए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और अपराधियों का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख भागने के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, परंतु पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मौके से दो अपराधियों को दबोच लिया।


पूछताछ के बाद तीन अन्य अपराधी भी गिरफ्तार, समस्तीपुर से जुड़े हैं तार

मौके से पकड़े गए बदमाशों से की गई कड़ाई से पूछताछ और उनके निशानदेही पर पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांच अपराधियों में से दो समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं, जिनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट की पूरी राशि यानी 21 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस पूरी तरह से बरामद कर लिए हैं।


वैशाली पुलिस की मुस्तैदी से बड़ी वारदात टली

दिनदहाड़े सीएसपी में लूट और पुलिस पर गोली चलाने की इस दुस्साहसिक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। हालांकि, वैशाली पुलिस की त्वरित और साहसिक कार्रवाई से महज कुछ ही दिनों के भीतर पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस फिलहाल सभी गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके अन्य आपराधिक संपर्कों का भी पता लगाया जा सके और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट