हम पार्टी की 'गरीब चौपाल' में उमड़ी भारी भीड़, मंत्री संतोष सुमन ने चिराग पासवान पर कसा तंज

हाजीपुर में हम की ओर आयोजित गरीब चौपाल यात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बिना नाम लिए केन्द्रीय मंत्री चिराग पासवान पर तीखा तंज कसा। कहा कि जब कोई व्यक्ति या परिवार सुखी और सक्षम हो जाता है तो....

हम पार्टी की 'गरीब चौपाल' में उमड़ी भारी भीड़, मंत्री संतोष
मंत्री संतोष सुमन ने चिराग पासवान पर कसा तंज- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के हाजीपुर स्थित ऐतिहासिक अक्षयवट राय स्टेडियम में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की ओर से 'गरीब चौपाल यात्रा' का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने गरीबों और वंचितों के अधिकारों, उनके सामाजिक उत्थान तथा वर्तमान आरक्षण व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण विचार रखे।


चिराग पासवान पर इशारों में तंज, पढ़ाया 'सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी' का पाठ 

मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री संतोष कुमार सुमन ने लोजपा (रामविलास) के नेता व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर इशारों-इशारों में तीखा राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने चिराग पासवान को 'सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी' यानी सामाजिक उत्तरदायित्व का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति या परिवार सुखी और सक्षम हो जाता है, तो उसकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वह अपने पीछे छूटे समाज को भी आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि खुद आगे बढ़ने के बाद अपने ही समाज के गरीबों को भूल जाना उचित नहीं है।


'गरीबों को तोड़ना होगा मानसिक बैरियर', थाने जाने के डर पर जताई चिंता 

मंत्री संतोष सुमन ने समाज के शोषित और पिछड़े वर्ग की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी हमारे समाज का गरीब भाई एक साधारण आवेदन तक नहीं लिख पाता है और अपनी फरियाद लेकर थाने जाने से डरता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि इस झिझक से बाहर निकलना होगा और अपने भीतर के मानसिक बैरियर को तोड़ना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से अमीर या गरीब नहीं होता, हर कोई इंसान के रूप में जन्म लेता है।


आरक्षण व्यवस्था पर बड़ा बयान, विशेष प्रावधान की उठाई मांग 

आरक्षण व्यवस्था पर अपनी बात रखते हुए संतोष सुमन ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी वर्ग के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन समाज के अति-पिछड़े और कमजोर लोगों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जो लोग आज भी विकास की दौड़ में पीछे छूट गए हैं, उनके लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर अपना हक और अधिकार पा सकें।


जब तक गरीबों के चेहरे पर मुस्कान नहीं आती, जारी रहेगा संघर्ष

अपने संबोधन के अंत में मंत्री ने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तब तक गरीबों, शोषितों और वंचितों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा, जब तक कि उनके चेहरे पर वास्तविक मुस्कान और आत्मसम्मान नहीं आ जाता। इस कार्यक्रम के दौरान 'हम' पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में आए आम नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मंत्री के संकल्प का स्वागत किया।


रिषभ की रिपोर्ट