Bihar News : नशे की सनक में पति बना हैवान, पत्नी के सिर में मारी गोली, पुलिस को गुमराह करने के लिए पड़ोसियों पर लगाया झूठा आरोप
Bihar News : पति के नशा करने का विरोध करना पत्नी को महंगा पड़ गया. जहाँ सनकी पति ने पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे
VAISHALI : पुलिस ने गुड़िया देवी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए उसके पति अर्जुन पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि अर्जुन ने ही अपनी पत्नी के सिर में गोली मारकर उसकी जान ली थी। आरोपी अर्जुन नशे का आदि था और अक्सर नशे की हालत में घर आता था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी वह नशे में धुत्त था और पत्नी द्वारा विरोध करने पर उसने आवेश में आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर अर्जुन ने पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश की। उसने कहानी रची कि पड़ोसियों से चल रहे विवाद के कारण उसकी पत्नी की हत्या की गई है। पुलिस के समक्ष वह बार-बार अपना बयान बदल रहा था, जिससे जांच टीम को उस पर गहरा संदेह हुआ। पुलिस ने जब सख्ती दिखाई और घर की गहन तलाशी ली, तो आरोपी का झूठ ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया देशी पिस्टल भी बरामद कर लिया है। अर्जुन पासवान को हिरासत में लेकर की गई लंबी पूछताछ में उसने बताया कि नशे के लिए टोकना उसे नागवार गुजरा, जिसके बाद उसने घर में रखे अवैध हथियार से पत्नी के सिर में गोली दाग दी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
डीएसपी सुबोध कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अर्जुन पासवान कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। उस पर पूर्व से ही आर्म्स एक्ट, चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे कम से कम चार गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और समाज के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ था।
इस घटना ने एक बार फिर नशे के दुष्परिणामों और अवैध हथियारों की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए मामले में स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) की मांग की जाएगी ताकि मृतका को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिसने महज कुछ ही घंटों में हत्या के असली गुनहगार को बेनकाब कर दिया।
ऋषभ की रिपोर्ट