मुर्गी फार्म के नीचे बना रखा था अवैध शराब का तहखाना: 5580 केन बीयर और 15 लाख की शराब जब्त, एक महिला समेत चार गिरफ्तार

मुर्गी फार्म के नीचे बना रखा था अवैध शराब का तहखाना: 5580 के
मुर्गी फार्म के नीचे बना रखा था अवैध शराब का तहखाना- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार के वैशाली थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करी के एक बड़े ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। 


पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि गांव के निवासी मुकेश राय अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर अंग्रेजी शराब का अवैध कारोबार संचालित कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि शराब छुपाने के लिए आवासीय घर के पास बने एक मुर्गी फार्म के ठीक नीचे जमीन के भीतर एक गुप्त तहखाना बनाया गया था।


तहखाने से 2790 लीटर बीयर बरामद, अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये

वैशाली के वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने जब संदिग्ध घर और मुर्गी फार्म की घेराबंदी कर तलाशी ली, तो जमीन के नीचे बने इस गुप्त तहखाने का राज खुला। पुलिस टीम ने तहखाने के अंदर से दो अलग-अलग ब्रांड की कुल 5580 केन बीयर बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद बीयर की कुल मात्रा 2790 लीटर है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है।


एक महिला समेत चार तस्कर गिरफ्तार, तस्करी के नेटवर्क की हो रही जांच

इस सनसनीखेज छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं, इसकी गहराई से छानबीन कर रही है ताकि इस धंधे में शामिल अन्य मुख्य सरगनाओं और सहयोगियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट