वैशाली में अंतरराज्यीय ठग गिरोह का खुलासा : नकली नोट के साथ दो गिरफ्तार, झारखंड और कटिहार से जुड़ा है तार
वैशाली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने नकली नोट के साथ दो ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ग्रामीण इलाके के भोले-भाले लोगों को नोट डबल करने का झांसा देकर शिकार बनाते थे.....
Vaishali : जिले की पुलिस को उस वक्त बड़ी सफलता मिली जब महनार में वाहन चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह के दो सदस्यों को धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान इनके पास से पुलिस ने दस बंडल नकली कागज के नोट, एक पेपर कटिंग मशीन और एक गाड़ी बरामद की है।
झारखंड और कटिहार से जुड़ा है गिरफ्तार ठगों का तार
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार ठगों में से एक आरोपी झारखंड का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी कटिहार जिले का निवासी है। इस प्रकार इस गिरोह का तार अंतरराज्यीय स्तर पर फैला हुआ है।
मौके से दो अन्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
कार्रवाई के दौरान मौके से दो अन्य लोग भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस ने फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
रुपये डबल करने का झांसा देकर ग्रामीण इलाकों में करते थे ठगी
महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह लोगों को झूठा झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। यह मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों के भोले-भाले लोगों को रुपये दोगुना करने का लालच देकर अपना शिकार बनाते थे।
गिरोह की क्राइम कुंडली खंगाल रही पुलिस, नेटवर्क ध्वस्त करने की कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ पूरे गिरोह की क्राइम कुंडली खंगाली जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने और इसमें शामिल अन्य अपराधियों को शिकंजे में लेने के लिए गंभीर कार्रवाई कर रही है।
रिषभ की रिपोर्ट