वैशाली में पलटी शराब लदी पिकअप : हजारों लीटर देशी शराब बरामद, तस्करों में हड़कंप

वैशाली में पलटी शराब लदी पिकअप : हजारों लीटर देशी शराब बरामद
वैशाली में हजारों लीटर देशी शराब बरामद- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के महुआ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां देशी शराब से भरी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना के बाद वाहन में लदी हजारों लीटर देशी शराब सड़क पर बिखर गई, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई।


लक्ष्मीनारायणपुर पंचायत में हुआ हादसा 

यह पूरी घटना महुआ थाना क्षेत्र की लक्ष्मीनारायणपुर पंचायत के अंतर्गत हरपुर जादों स्थित जगदीश चौक के समीप घटी। स्थानीय लोगों ने जब सड़क पर पलटे हुए वाहन और वहां बिखरी शराब को देखा, तो बिना देर किए इसकी सूचना महुआ थाना पुलिस को दी।


पुलिस ने पिकअप और शराब को लिया कब्जे में

सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप के साथ-साथ उसमें लदी शराब की पूरी खेप को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार वाहन में हजारों लीटर देशी शराब लदी हुई थी, हालांकि इसकी सटीक मात्रा की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी।


सक्रिय नेटवर्क की तलाश में जुटी एजेंसियां

इतनी भारी मात्रा में शराब बरामद होने के बाद पुलिस के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। जांच एजेंसियां अब इस पिकअप के रूट और इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य तस्करों की शिनाख्त करने के लिए अपनी जांच का दायरा बढ़ा रही हैं।


कारोबारियों में मचा हड़कंप 

इस बड़ी खेप की जब्ती से इलाके के शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, और पुलिस जब्त वाहन तथा शराब के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस का मानना है कि इस मामले की गहराई से छानबीन करने पर अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है और कई गिरफ्तारियां भी संभव हैं।


रिषभ की रिपोर्ट