Bihar Tower Drama: प्रेमिका की शादी तय होते ही आशिक का हाईवोल्टेज ड्रामा, मोहब्बत में नेटवर्क फेल तो आशिक ने पकड़ लिया टॉवर का रास्ता, नीचे पुलिस करती रही मिन्नतें

Bihar Tower Drama: प्रेमिका की शादी तय क्या हुई, आशिक मिजाज युवक सीधे BSNL टॉवर पर चढ़ बैठा, मानो मोहब्बत का सिग्नल वहीं से पकड़कर किस्मत बदल देगा।...

Lover Climbs BSNL Tower After Girlfriend Marriage Shock
प्यार का टॉवर कांड! नीचे पुलिस, ऊपर आशिक और बीच में ड्रामा - फोटो : reporter

Bihar Tower Drama: इश्क का ऐसा हाईवोल्टेज शो चला कि गांव वाले भी मुफ्त का तमाशा देखने जुट गए। मामला किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। प्रेमिका की शादी तय क्या हुई, आशिक मिजाज युवक सीधे BSNL टॉवर पर चढ़ बैठा, मानो मोहब्बत का सिग्नल वहीं से पकड़कर किस्मत बदल देगा।

घटना वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव और बिजली ऑफिस परिसर की बताई जा रही है। गांव निवासी दिनेश राम का 28 वर्षीय बेटा अरविंद कुमार अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। लेकिन घरवालों ने रिश्ते पर ऐसा ब्रेक लगाया कि बेचारा आशिक सीधे टॉवर पर लाइव टेलीकास्ट देने पहुंच गया।

जैसे ही लोगों ने युवक को टॉवर पर लटका देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोग ऐसे जमा हुए जैसे कोई क्रिकेट मैच का फाइनल चल रहा हो। कोई मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगा तो कोई नीचे से सलाह देने लगा   भाई नीचे उतर जा, मोहब्बत में ऊपर जाने वालों का अंजाम अच्छा नहीं होता!

सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाले भी समझ गए कि मामला चोरी-डकैती का नहीं, दिल के जख्म का है। फिर शुरू हुआ मनाने का ऑपरेशन। नीचे पुलिस और ग्रामीण घंटों तक आशिक को समझाते रहे। उधर युवक टॉवर पर बैठा ऐसा रिएक्शन दे रहा था मानो पूरा सिस्टम उसी की मोहब्बत का दुश्मन हो।

काफी देर की मशक्कत और पुलिस के भरोसे के बाद आखिरकार युवक नीचे उतर आया। नीचे आते ही पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। वहां पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पिछले एक महीने से अपनी प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा था। उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया था और इसी तनाव में उसकी तबीयत भी खराब हो गई थी।

गांव में अब इस टॉवर प्रेम कथा की चर्चा चाय की दुकानों से लेकर चौपाल तक हो रही है। लोग तंज कस रहे हैं कि आजकल मोहब्बत में दिल टूटे तो लोग शायरी नहीं करते, सीधे टॉवर पर चढ़ जाते हैं।

फिलहाल पुलिस ने युवक को समझाकर मामला शांत करा दिया है, लेकिन वैशाली का यह इश्किया टॉवर कांड सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार