Bihar road accident:तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल, कुचलकर युवक की मौत, सड़क पर जमकर हुआ बवाल

Bihar road accident: वैशाली में पोझिया चौक के पास गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.......पढ़िए आगे

 Bihar road accident:तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल, कुचलकर युव
ओवरलोड ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत- फोटो : RISHABH

Vaishali: जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पोझिया चौक के पास गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रैक्टर ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा किया।

मृतक की पहचान अकबरपुर गांव निवासी अशोक राय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज रफ्तार में जा रहा गिट्टी लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे मौजूद अशोक राय को कुचलते हुए निकल गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर हाजीपुर लालगंज रोड को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से ओवरलोड वाहनों का परिचालन लगातार जारी है, लेकिन प्रशासन कोई सख्त कार्रवाई नहीं करता। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते ओवरलोड ट्रैक्टरों और भारी वाहनों पर रोक लगाई जाती, तो आज एक व्यक्ति की जान नहीं जाती। घटना की सूचना मिलते ही बिहार पुलिस की लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर बिहार में ओवरलोड वाहनों के संचालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार