अंडरपास में खड़ी कार में लगी भीषण आग, दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

अंडरपास में खड़ी कार में लगी भीषण आग, दमकल टीम ने कड़ी मशक्क
अंडरपास में खड़ी कार में लगी भीषण आग- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के नगर थाना क्षेत्र के अनजानपीर स्थित मदरसा चौक अंडरपास में मंगलवार की शाम करीब 5:00 बजे एक खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह से लपटों में घिरकर धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


दो घंटे से लावारिस खड़ी थी कार 

स्थानीय निवासी मोहम्मद अफराज के अनुसार, यह कार अंडरपास के नीचे करीब दो-तीन घंटे से लावारिस अवस्था में खड़ी थी और उसमें कोई भी व्यक्ति सवार नहीं था। शाम के वक्त अचानक कार से धुआं उठने लगा और इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।


दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू 

आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी विजेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।


कार मालिक और कारणों की जांच में जुटी पुलिस 

अग्निशमन अधिकारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर आग को बुझा दिया गया है। कार में आग किन कारणों से लगी, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, नगर थाना पुलिस गाड़ी के नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार मालिक और उसे वहां खड़ी करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।


रिषभ की रिपोर्ट