बदमाशों ने कांग्रेस नेता की गाड़ी से उड़ाया लाखों का सामान, मोबिल गिरने का झांसा देकर दिनदहाड़े दिया घटना को अंजाम

बदमाशों ने कांग्रेस नेता की गाड़ी से उड़ाया लाखों का सामान,
बदमाशों ने कांग्रेस नेता की गाड़ी से उड़ाया लाखों का सामान- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित व्यवहार न्यायालय (कोर्ट) गेट के पास बदमाशों ने चोरी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार उचक्कों ने वैशाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रमुख नेता संजीव कुमार की गाड़ी से लाखों रुपये मूल्य का कीमती सामान पार कर दिया। घटना के समय गाड़ी मुख्य सड़क पर कोर्ट गेट के पास खड़ी थी और संजीव कुमार अपने निजी काम से अदालत परिसर के अंदर गए हुए थे।


ड्राइवर को झांसे में लेकर बैग लेकर हुए फरार 

मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता का ड्राइवर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर इंतजार कर रहा था। तभी बाइक सवार दो उचक्के वहां पहुंचे और ड्राइवर से कहा कि गाड़ी से मोबिल गिर रहा है। जैसे ही ड्राइवर गाड़ी का बोनट खोलकर देखने लगा, मौका पाकर बदमाशों ने गाड़ी में रखा कीमती बैग उठाया और तेजी से फरार हो गए।


एलवी कंपनी का बैगलैपटॉप और तीन कीमती मोबाइल चोरी 

कांग्रेस नेता संजीव कुमार ने बताया कि चोरी गया बैग 'लुई विटॉन' (LV) ब्रांड का था, जिसकी खुद की कीमत लाखों में है। बैग के भीतर एक एप्पल (Apple) का लैपटॉप, तीन महंगे मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड्स और कई अन्य बेहद जरूरी कागजात मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।


पुलिस में शिकायत दर्जविधि-व्यवस्था पर उठाए सवाल 

घटना के तुरंत बाद संजीव कुमार ने नगर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने और कार्रवाई में जुट गई है। इस दौरान कांग्रेस नेता ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ दिनदहाड़े ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने वैशाली पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की मांग की है।


रिषभ की रिपोर्ट