वैशाली में बाढ़ पीड़ितों से फिर मिले सांसद पप्पू यादव : पीड़ितों में बांटे करीब 2 लाख रुपये सरकार पर साधा निशाना

पूर्णिया सांसद बाढ़ग्रस्त इलाकों का लगातार दौरा कर रहे है। इसी कड़ी में गुरुवार को वे एकबार फिर वैशाली जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर पीड़ितो का हाल जाना और उन्हें आर्थिक मदद दी......

वैशाली में बाढ़ पीड़ितों से फिर मिले सांसद पप्पू यादव : पीड़
वैशाली में बाढ़ पीड़ितों से फिर मिले सांसद पप्पू यादव- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव एक बार फिर वैशाली जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हाल जानने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महनार और बिदुपुर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया, पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दर्द साझा किया और इस संकट की घड़ी में अपनी ओर से लगभग 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि बाढ़ पीड़ितों के बीच वितरित की।


'आपदा में हिंदू-मुसलमान आपसी भाईचारे की मिसालपर सरकार पूरी तरह फेल' 

सरकार पर जोरदार प्रहार करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि आपदा की इस विकट घड़ी में विभिन्न समुदायों के लोग आपसी सहयोग से एक-दूसरे का सहारा बन रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिदुपुर के चकौसन में बाढ़ के पानी के कारण श्मशान घाट डूब चुके हैं, जिसके चलते लोगों को विवश होकर कब्रिस्तान में हिंदुओं के शवों का अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन की तरफ से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।


पशुओं के चारे के संकट पर उठाए सवाल

सांसद ने मवेशियों की दयनीय स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि बाढ़ के कारण चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है, जिससे पशुओं की मौत हो रही है, लेकिन सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। जमीनी हकीकत यह है कि बिदुपुर के चकौसन स्थित कब्रिस्तान में ही बाढ़ पीड़ितों के साथ-साथ मवेशियों को भी शरण लेनी पड़ी है, जहां स्थानीय लोग अपने स्तर पर पशुओं की देखरेख कर रहे हैं, जबकि सरकारी स्तर पर कोई राहत प्रबंध नजर नहीं आ रहा है।


लगातार बाढ़ क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं सांसद पप्पू यादव 

वैशाली के बाढ़ पीड़ितों के बीच लगातार सक्रिय नजर आ रहे पप्पू यादव ने महनार और बिदुपुर पहुंचकर जमीनी हालातों का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित जनता को भरोसा दिलाया कि इस आपदा की घड़ी में वे उनके हक और राहत के लिए पूरी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।


रिषभ की रिपोर्ट