Bihar News: ऑपरेशन मुस्कान का कमाल, 40 लाख के 165 मोबाइल बरामद, पुलिस ने लौटाई लोगों की खुशियां
Bihar News:पुलिस ने अपने खास अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है।....
VAISHALI : बिहार के हाजीपुर से एक सुकून देने वाली खबर सामने आई है, जहां वैशाली पुलिस ने अपने खास अभियान ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने ना सिर्फ लाखों की संपत्ति वापस दिलाई, बल्कि लोगों के चेहरों पर खोई हुई मुस्कान भी लौटा दी। इस अभियान के तहत पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 165 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। ये मोबाइल फोन लंबे समय से गुम या चोरी हो चुके थे, जिनकी तलाश में लोग परेशान थे।
जैसे ही मोबाइल बरामद होने की सूचना मिली, जिले के विभिन्न इलाकों से लोग एसपी कार्यालय पहुंचने लगे। अपने खोए हुए फोन को दोबारा हाथ में पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे किसी के लिए यह सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि यादों और जरूरी जानकारियों का खजाना था। इस मौके पर विक्रम सिहाग ने खुद कार्यक्रम में मौजूद रहकर एक-एक कर सभी लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। इस दौरान लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और आभार जताया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन मुस्कान के तहत तकनीकी टीम की मदद से मोबाइल फोन को ट्रैक किया गया और फिर अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया। यह अभियान इस बात का उदाहरण है कि आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के जरिए आम लोगों को बड़ी राहत दी जा सकती है।
इस पहल ने न सिर्फ पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत किया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि अगर नीयत साफ हो और सिस्टम चुस्त, तो खोई हुई चीजें भी वापस मिल सकती हैं।
रिपोर्ट-ऋषभ कुमार