छात्रों के विरोध को मिला विपक्ष का साथ: पूर्व विधायक मुकेश रौशन के नेतृत्व में RJD का हाजीपुर में प्रदर्शन, फूंका PM मोदी का पुतला

छात्रों के विरोध को मिला विपक्ष का साथ: पूर्व विधायक मुकेश र
छात्रों के विरोध को मिला विपक्ष का साथ- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : पटना और नई दिल्ली में NEET परीक्षा विवाद को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में अब विपक्षी दल पूरी तरह हमलावर हो गए हैं। इसी कड़ी में वैशाली जिले के हाजीपुर में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोला। शहर के व्यस्तम रामाशीष चौक पर RJD कार्यकर्ताओं ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।


सड़क से सदन तक जारी रहेगा आंदोलन: मुकेश रौशन

महुआ से RJD के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि राजद इस लड़ाई में पूरी तरह से छात्र-छात्राओं के साथ मजबूती से खड़ी है। 


उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक RJD का यह आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक लगातार जारी रहेगा।


'डबल इंजन' सरकार पर बोला हमला, लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा

छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि बिहार की 'डबल इंजन' सरकार पूरी तरह से गूंगी और बहरी हो चुकी है। 


उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार में संवेदनशीलता बची होती, तो वह अब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले चुकी होती और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे निर्दोष छात्रों पर लाठीचार्ज जैसी नौबत नहीं आती।


रिषभ की रिपोर्ट