चाकूबाजी में घायल युवक की मौत के बाद भड़का आक्रोश: शव लेकर आरोपी के घर पहुंचे लोग, जमकर हंगामा
वैशाली जिले में चाकूबाजी में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग मृतक की लाश को लेकर आरोपी के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया.....
Vaishali : जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो दिन पहले चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। जैसे ही युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद वापस पैतृक घर पहुंचा, वैसे ही सैकड़ों की संख्या में उग्र लोग शव को सीधे आरोपी के घर के बाहर ले गए और वहां रखकर जोरदार हंगामा व प्रदर्शन करने लगे।
रेलवे लाइन के पास तमाशा देखना पड़ा भारी
यह पूरा मामला वैशाली के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिग्घी कला पूर्वी इलाके का है। मृतक युवक की पहचान जितेंद्र दास के रूप में हुई है, जो पेशे से टाइल्स मिस्त्री का काम करता था। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि सदर थाना क्षेत्र स्थित दिग्घी रेलवे लाइन के पास दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर हिंसक झड़प हो रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा जितेंद्र खड़ा होकर दोनों पक्षों की लड़ाई देखने लगा। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने जितेंद्र को विरोधी गुट का समर्थक समझ लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
परिजनों ने लगाया हेरोइन के लिए पैसे न देने पर हत्या का आरोप
दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस की इस कहानी से इतर एक बेहद चौंकाने वाला आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, दिग्घी रेलवे लाइन के पास अक्सर असामाजिक तत्वों और नशेडियों का जमावड़ा लगा रहता है। घटना के वक्त जितेंद्र अपना काम खत्म कर इसी रास्ते से घर लौट रहा था। इसी बीच वहां मौजूद नशे के आदी युवकों ने हेरोइन का नशा करने के लिए जितेंद्र से जबरन पैसे की मांग की। जब जितेंद्र ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो आक्रोशित आरोपियों ने उसे चाकू से बेरहमी से गोद डाला, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे पटना के पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया।
सदर एसडीपीओ ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
युवक की मौत के बाद आरोपी के घर पर सैकड़ों लोगों के जुटने और हंगामा किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाता देख सदर एसडीपीओ भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित भीड़ और परिजनों को काफी देर तक समझा-बुझाकर व आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन देकर शांत कराया। इस हंगामे के कारण पूरे इलाके में पुलिस की तैनाती कर दी गई है, क्योंकि सभी आरोपी अपने घरों पर ताला बंद कर फरार हो चुके हैं।
नामजद प्राथमिकी दर्ज, छापेमारी जारी
सदर एसडीपीओ ने मामले की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर संबंधित थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कांड में संलिप्त सभी आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली है। फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि बहुत जल्द ही इस हत्याकांड के सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
रिषभ की रिपोर्ट