Bihar Politics:पप्पू यादव का सरकार पर तीखा हमला, दानापुर हत्याकांड पर उठाए सवाल, मुफ्त गैस सिलेंडर ऐलान से मचा बवाल
सासंद पप्पू यादव ने कहा कि आज किसी को नहीं मालूम कि सरकार में कौन है और निज़ाम कौन चला रहा है, बिहार बे-सहारा हो चुका है, इसका कोई सरपरस्त नहीं।...
Bihar Politics: बिहार की सियासत में आज उस वक्त जबरदस्त हलचल मच गई, जब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोनपुर पहुंचकर एक तरफ पीड़ित परिवार के साथ हमदर्दी जताई, तो दूसरी ओर बिहार सरकार पर सीधा और करारा हमला बोला। उनका लहजा तल्ख था, बोल सियासी बारूद से भरे हुए। उन्होंने दो टूक कहा कि आज किसी को नहीं मालूम कि सरकार में कौन है और निज़ाम कौन चला रहा है, बिहार बे-सहारा हो चुका है, इसका कोई सरपरस्त नहीं।”पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोनपुर की सरज़मीं पर ऐसा सियासी तीर छोड़ा है, जिसने सत्ता के गलियारों में हलचल मचा दी है। अपराध और अव्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने न सिर्फ तीखा हमला बोला, बल्कि एक बड़ा एलान कर राजनीतिक बहस को नई दिशा दे दी।
दरअसल, सांसद सोनपुर के निवासी बिट्टू सिंह के घर शोक जताने और संवेदना देने के लिए पहुँचे थे, जिनकी हाल ही में पटना के दानापुर में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। ग़मज़दा परिवार से मुलाक़ात के दौरान पप्पू यादव का लहजा तल्ख़ हो गया। उन्होंने कहा, “आज बिहार में हुकूमत नाम की चीज़ नज़र नहीं आती, ये तक मालूम नहीं कि सरकार में कौन है और सरकार चला कौन रहा है। ऐसा लगता है जैसे इस सूबे का कोई सरपरस्त ही नहीं है।”
उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “किसी की बेटी कब ज़ुल्म का शिकार हो जाए, कोई अंदाज़ा नहीं। अवाम ख़ौफ़ के साये में जीने को मजबूर है।” उनके इस बयान ने सियासी माहौल को और गरमा दिया है।
इसी दौरान पप्पू यादव ने छात्राओं के हक़ में एक बड़ा वादा किया। उन्होंने ऐलान किया कि पटना के गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली तमाम छात्राओं को बिल्कुल मुफ्त गैस सिलेंडर मुहैया कराया जाएगा, ताकि उनकी तालीम में कोई रुकावट न आए। यह ऐलान सीधे तौर पर युवाओं और महिलाओं को साधने की सियासी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “हर दौर में बस लाइन ही लगवाई गई कभी नोटबंदी में, कभी कोरोना में, और अब रसोई से लेकर गैस तक के लिए लाइन। बिहार को जैसे खुदा के भरोसे छोड़ दिया गया है।” पप्पू यादव के इस दौरे और मुफ्त गैस वाले ऐलान ने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है। अब निगाहें इस बात पर टिक गई हैं कि सरकार इस सियासी हमले का क्या जवाब देती है और यह मुद्दा आने वाले दिनों में कौन सा रंग लेता है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार