जमीनी विवाद में हुए मारपीट की शिकायत करने थाना पहुंचे लोगो का पुलिस पर गाली-गलौज का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जमीनी विवाद में हुए मारपीट की शिकायत करने थाना पहुंचे लोगो क
पुलिस पर गाली-गलौज का आरोप- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट और उसके बाद थाना परिसर में पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष के साथ कथित रूप से की गई अभद्र भाषा के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना से जुड़े दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे हैं, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और उसकी 'पीपुल फ्रेंडली' छवि पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुआ विवादलाठी-डंडों से हमले में एक घायल

घटना जुड़ावनपुर बरारी पंचायत के वार्ड संख्या-1 की है, जहां अमक राय और विपिन राय के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर तनातनी चल रही है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह जब विपिन राय अपने बथान में मवेशियों को चारा दे रहे थे, तभी अमक राय ने अपना ट्रैक्टर मवेशियों के नाद के पास लाकर खड़ा कर दिया। इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। विपिन राय का दावा है कि जमीन उनकी है, जबकि दूसरा पक्ष भी उस पर अपना हक जता रहा है। देखते ही देखते नोकझोंक मारपीट में बदल गई और लाठी के वार से विपिन राय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।


थाना परिसर के दो वीडियो वायरलटेबल-कुर्सियां दिखीं खाली

मारपीट की इस घटना के बाद जुड़ावनपुर थाना परिसर के दो अलग-अलग वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आए हैं। पहले 1 मिनट 17 सेकंड के वीडियो में परिजन घायल विपिन राय को खटिया पर लादकर थाने लाते दिख रहे हैं और "बड़ा बाबू" की खोजबीन कर रहे हैं। इस दौरान थाने की कुर्सियां और टेबल खाली नजर आ रही हैं तथा ऑन-ड्यूटी कोई पुलिस पदाधिकारी वहां मौजूद नहीं दिख रहा।


थाना अध्यक्ष का हाफ पैंट में निकलने और गाली-गलौज करने का आरोप

दूसरे प्रसारित वीडियो में जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने थाना भवन से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे आते ही "कौन आया है, किसका आदमी है?" पूछते हैं और परिजनों द्वारा वीडियो बनाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर अभद्र भाषा (गाली-गलौज) का प्रयोग करते सुने जा रहे हैं। साथ ही वे पुलिस बल बुलाकर केस दर्ज करने और जेल भेजने की बात कहते दिख रहे हैं। 


(नोट: इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की सत्यता की अधिकारिक पुष्टि हमारा संस्थान नहीं करता है।)


दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोपथाना अध्यक्ष ने दिया जांच का आश्वासन

पीड़ित परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि थाना अध्यक्ष दूसरे पक्ष से मिले हुए हैं और उनकी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। दूसरी ओर, आरोपों पर सफाई देते हुए थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने कहा कि जमीन और नाले को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल एक पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट