बदले की भावना से हत्या की सुपारी देकर पियूष पर कराई गई थी फायरिंग, एक गिरफ्तार और एक नाबालिग हिरासत में

वैशाली जिले में बीते 2 अक्टूबर को पियूष नामक युवक पर हुए जानलेवा हमला मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक नाबालिग को हिरासत में लिया है......

बदले की भावना से हत्या की सुपारी देकर पियूष पर कराई गई थी फा
बदले की भावना से हत्या की सुपारी देकर पियूष पर कराई गई थी फायरिंग- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में बीते 2 अक्टूबर को हत्या की नीयत से एक युवक पर की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के लिए सुपारी दी गई थी, जिसमें पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गोलीबारी की घटना में पीयूष नामक युवक को तीन गोलियां लगी थीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। 


पटना में हुई हत्या के प्रयास की रंजिश का बदला लेने के लिए दी गई थी 3 लाख की सुपारी

सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घायल पीयूष खुद भी आपराधिक चरित्र का है। कुछ महीने पहले वह एक व्यक्ति की हत्या करने के इरादे से पटना गया था, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही वह अवैध हथियार के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। इसी पुरानी रंजिश और खुन्नस का बदला लेने के लिए मुख्य आरोपी ऋषभ ने पीयूष को रास्ते से हटाने के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी ली थी। 


दोस्तों ने ही बलवा कुंवारी इलाके में पीयूष पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस के अनुसार, गत 2 अक्टूबर को सदर थाना क्षेत्र के बलवा कुंवारी इलाके में पीयूष के अपने ही दोस्तों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। इस हमले में पीयूष को तीन गोलियां लगीं। पकड़े गए आरोपी ऋषभ ने पुलिस पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि इसी पुरानी दुश्मनी के कारण पीयूष की हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी, हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान बच गई। 


हथियार उपलब्ध कराने वाले की तलाश जारी, अन्य साजिशकर्ताओं की भी हो रही छानबीन

एसडीपीओ ने बताया कि भले ही मुख्य आरोपी ऋषभ और एक नाबालिग को घटना के वक्त मौके पर मौजूद रहने के आरोप में पकड़ लिया गया है, लेकिन इस वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, जिस शख्स ने अपराधियों को हथियार मुहैया कराया था, उसकी पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस खौफनाक साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे। 

रिषभ की रिपोर्ट