नाबालिग लड़की का अपहरण और दुष्कर्म मामले में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के पिता और साथी को किया गिरफ्तार
नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में शामिल मुख्य आरोपी के साथी और सहयोग न करने वाले आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
Vaishali : जिले के गोरौल थाना क्षेत्र में 18 जुलाई को ट्यूशन जा रही एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में शामिल मुख्य आरोपी के साथी और सहयोग न करने वाले आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया गया है।
15 वर्षीय छात्रा को अगवा कर गन्ने के खेत में किया दुष्कर्म
पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 18 जुलाई को 15 वर्षीय पीड़िता जब बाइक से ट्यूशन जा रही थी, तभी मुख्य आरोपी आलोक और उसके दोस्त नितेश ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी उसे गन्ने के खेत में ले गए, जहां आलोक ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। एसपी के अनुसार, पीड़िता आरोपी आलोक को पूर्व से पहचानती थी। वारदात के दौरान दूसरा आरोपी नितेश दूर से निगरानी कर रहा था।
48 घंटे बाद मिली सूचना, SDPO के नेतृत्व में गठित SIT ने की छापेमारी
घटना के 48 घंटे बाद पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही महुआ एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले मुख्य आरोपी के सहयोगी नितेश को दबोचा।
पुलिस टीम से मारपीट और साक्ष्य छिपाने के आरोप में आरोपी का पिता गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी आलोक के पिता अमरनाथ सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के पिता पर पूरी घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस को सूचित न करने, जांच में सहयोग न करने और छापेमारी के लिए पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप है। इसी आधार पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी
पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, घटना का मुख्य आरोपी आलोक अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस की विशेष टीम उसकी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और दावा किया है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिषभ की रिपोर्ट