वैशाली में बैखौफ अपराधियो का तांडव, 12वीं के छात्र को दिन-दहाड़े गोलियों से भूना

बिहार में पुलिस की सक्रियता के बावजूद अपराध थमने का नाम नही ले रहा। ताजा मामला वैशाली जिले से सामने आया है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिन-दहाड़े एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है....

वैशाली में बैखौफ अपराधियो का तांडव, 12वीं के छात्र को दिन-दह
वैशाली मे दिन-दहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या - फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं। उन्हें पुलिस और कानून का कोई भय नही रह गया है। बुधवार को जिले के राघोपुर रुस्तमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नए सिक्स लेन पुल के 32 नंबर पाया (पिलर) के समीप बाइक सवार एक 22 वर्षीय युवक की अपराधियों ने ताबड़तोड़ 6 गोलियाँ मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।


सिक्स लेन पर फोटो और सेल्फी लेने गया था युवक 

मृतक युवक की पहचान चेचर गाँव निवासी सुनील कुमार सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अंशुमन कुमार के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। मृतक के भाई गौरव कुमार के अनुसार, अंशुमन नए बने सिक्स लेन पुल पर फोटो और सेल्फी खिंचवाने गया था। इसी दौरान अपराधियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।



कार से टक्कर मारने के बाद मारीं ताबड़तोड़ गोलियाँ

मृतक के परिजनों का आरोप है कि चेचर गाँव के ही आलोक कुमार नामक युवक ने पहले अपनी चारपहिया गाड़ी से अंशुमन की बाइक में टक्कर मारी। बाइक से गिरते ही अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियाँ बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि आरोपी पूर्व में पश्चिम बंगाल में एक बड़े सोना लूट कांड में भी शामिल रहा है।


एसपी शुभांक मिश्रा का बयान व एफएसएल जांच 

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की छानबीन शुरू की। एसपी ने बताया कि 32 नंबर पाया के पास गोलीबारी में एक युवक की मौत हुई है और एक अन्य व्यक्ति घायल है। घटना स्थल पर फोरेंसिक (FSL) टीम को बुलाकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं।


शव पोस्टमार्टम के लिए भेजाअपराधियों की तलाश जारी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर हत्यारों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


रिषभ की रिपोर्ट