वैशाली में बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 3 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार
वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र स्थित साइन चौक पर दिन-दहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि इस मामले मे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 3 घंटे के अंदर आरोपी को धर दबोचा है....
Vaishali : जिले के बेलसर थाना क्षेत्र स्थित साइन चौक पर रविवार को बीच सड़क पर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। दिनदहाड़े हुई इस अचानक फायरिंग के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बेलसर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीण एसपी और एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, तीन खोखे किए गए बरामद
घटना की सूचना मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय और एसडीपीओ गोपाल मंडल भी तुरंत मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश दिए। इस जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली खोखे भी बरामद किए।
पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, महज तीन घंटे में आरोपी शिकंजे में
वरिष्ठ अधिकारियों के सख्त निर्देश मिलने के बाद पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए संभावित ठिठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस की इस तेज और मुस्तैद कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि घटना के महज तीन घंटे के भीतर ही फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और इस सनसनीखेज फायरिंग के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस, पुलिस कर रही है आगे की कानूनी कार्रवाई
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कम समय में आरोपी की गिरफ्तारी से इलाके के आम लोगों ने चैन की सांस ली है। पुलिस इस मामले में आगे की सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई पूरी कर रही है।
रिषभ की रिपोर्ट