हाजीपुर में महादलित बस्ती की सड़क का रास्ता साफ: DM वर्षा सिंह के निर्देश पर जांच कमेटी ने किया स्थल निरीक्षण, 24 घंटे में रिपोर्ट

Bihar News : वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित एक महादलित बस्ती में सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है। डीएम वर्षा सिंह के निर्देश पर सड़क निर्माण की मांग की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है...

हाजीपुर में महादलित बस्ती की सड़क का रास्ता साफ: DM वर्षा सि

Vaishali : जिले के हाजीपुर स्थित एक महादलित बस्ती में सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब जल्द ही पूरी होने की उम्मीद जगी है। सहयोग शिविर में ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर सड़क निर्माण की मांग की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिसने मामले को गंभीरता से लेते हुए धरातल पर काम शुरू कर दिया है।


ADM के नेतृत्व में जांच टीम ने किया जमीनी मुआयना

जिलाधिकारी के आदेश पर गठित इस विशेष जांच समिति का नेतृत्व अपर समाहर्ता (ADM) कर रहे हैं। इस टीम में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और हाजीपुर के अंचलाधिकारी (CO) जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। जांच समिति के सदस्यों ने आज महादलित बस्ती का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि सहयोग शिविर में मिले आवेदन के आधार पर वे वस्तुस्थिति का आकलन करने आए हैं ताकि सड़क निर्माण की बाधाओं को दूर किया जा सके।


24 घंटे के भीतर सौंपी जाएगी फाइनल रिपोर्ट

स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात की और सड़क के नक्शे व जमीन की उपलब्धता का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार, इस दौरे की विस्तृत जांच रिपोर्ट अगले 24 घंटे के भीतर जिलाधिकारी वर्षा सिंह को सौंप दी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर ही सड़क निर्माण की आगे की प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे सालों से विकास की राह देख रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।


सहयोग शिविर में हुआ था विवाद, विधायक की हुई थी फजीहत

दरअसल, इस पूरी कवायद की पृष्ठभूमि 19 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आह्वान पर आयोजित प्रदेशव्यापी 'सहयोग समिति' कार्यक्रम से जुड़ी है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने डीएम से स्थल निरीक्षण का अनुरोध किया था। लेकिन जब जिलाधिकारी निरीक्षण के लिए आगे बढ़ रही थीं, तब हाजीपुर के भाजपा विधायक अवधेश सिंह ने कथित तौर पर उन्हें रोक दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा था।


दलित समाज के आक्रोश के बाद जागी प्रशासनिक तत्परता

विधायक द्वारा जिलाधिकारी को रोके जाने की घटना से नाराज दलित समाज के लोगों ने भारी हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया था। समाज में बढ़ते आक्रोश और मामले के तूल पकड़ने के बाद वैशाली जिला प्रशासन तुरंत रेस हुआ और जिलाधिकारी ने आज यह बड़ी पहल करते हुए जांच टीम को मौके पर भेजा।


ग्रामीणों में खुशी, अब रिपोर्ट पर टिकीं निगाहें

महादलित बस्ती के निवासी पिछले कई वर्षों से इस सड़क के निर्माण के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे। अब प्रशासन की इस अभूतपूर्व तत्परता और अधिकारियों के खुद गांव पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। सालों से उपेक्षित महसूस कर रहे लोगों को उम्मीद है कि अब उनके दिन बदलेंगे। फिलहाल, पूरी बस्ती की निगाहें 24 घंटे के भीतर पेश होने वाली जांच रिपोर्ट और उसके बाद होने वाले प्रशासनिक फैसले पर टिकी हैं।


रिषभ की रिपोर्ट