हाजीपुर में सनसनीखेज वारदात: ट्रक मालिक ने चालक को 4 दिनों तक बंधक बनाकर पीटा, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

वैशाली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक ट्रक मालिक ने अपने ड्राईवर को बंधक बनाकर 4 दिनो तक बेरहमी से पिटाई की है। किसी तरह मालिक के चंगुल से निकलकर पीड़ित ने थाने पहुंच मामला दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है....

हाजीपुर में सनसनीखेज वारदात: ट्रक मालिक ने चालक को 4 दिनों त
मालिक ने बंधक बना अपने ही ड्राइवर को बेरहमी से पीटा- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक ट्रक मालिक ने अपने ही चालक को चार दिनों तक बंधक बनाकर निर्ममता से पीटा। पीड़ित चालक ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।


जमुई का रहने वाला है पीड़ित चालक

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित ट्रक चालक जमुई जिले का रहने वाला है। वह वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना सिंह का ट्रक चलाता है। पीड़ित चालक लंबे समय से आरोपी मालिक के यहाँ वाहन चलाने का काम कर रहा था।


दुर्घटना के बाद मांगी भारी-भरकम राशि 

बताया जा रहा है कि अरवल से बालू लादकर कुर्सेला जा रही ट्रक रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे वाहन को हल्का नुकसान पहुँचा। इसके बाद आरोपी ट्रक मालिक मुन्ना सिंह चालक से नुकसान की भरपाई के नाम पर भारी-भरकम रकम की मांग करने लगा।


पैसा देने से इंकार पर बनाया बंधक 

जब चालक ने क्षतिपूर्ति की रकम देने से साफ इंकार कर दिया, तो आक्रोशित ट्रक मालिक ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। आरोपी ने लगातार चार दिनों तक चालक को बंधक बनाकर बेरहमी से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।


आरोपी गिरफ्तारपुलिस जांच में जुटी 

किसी तरह भागकर निकले चालक के बयान के आधार पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक मालिक मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।


रिषभ की रिपोर्ट