वैशाली में सनसनीखेज वारदात: स्कूल की सीढ़ियों पर मिला 10वीं के छात्र का शव, पीट-पीटकर हत्या का आरोप; परिवार में कोहराम

वैशाली जिले के एक विद्यालय की सीढ़ियों पर 10वीं के एक छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान मिले है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है......

वैशाली में सनसनीखेज वारदात: स्कूल की सीढ़ियों पर मिला 10वीं
मृतक की फाइल फोटो- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय की सीढ़ियों पर 10वीं के एक छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान महिषौर थाना क्षेत्र के विभूतिनगर निवासी सुरेंद्र पासवान के 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है। छात्र के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, उसके दोनों हाथ-पैर टूटे हुए हैं तथा सिर पर भी धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं।


लड़की से जुड़े विवाद और थप्पड़ कांड के बाद से मिल रही थीं धमकियां

घटना की असली वजह अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन मृतका की मां और परिजनों ने स्कूल से जुड़े एक पुराने विवाद के कारण पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक की मां ने बताया कि करीब 15 दिन पहले स्कूल में एक लड़की से छेड़खानी का मामला सामने आया था, जिसका विरोध करते हुए शिवम और उसके दोस्तों ने आरोपी लड़के को थप्पड़ मार दिया था। परिजनों का दावा है कि उसी दिन से शिवम को लगातार धमकियां मिल रही थीं।


रात में संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हुआ था छात्र

परिजनों के अनुसार, शिवम गुरुवार की रात को खाना खाने के बाद अपने भाई के साथ सोने गया था, लेकिन देर रात वह कब घर से निकला, इसकी किसी को भनक नहीं लगी। सुबह करीब 6 बजे परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटे की हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा, रात्रि प्रहरी (गार्ड) की तैनाती और प्रधानाध्यापक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि स्कूल प्रबंधन ने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।


इकलौता सहारा छिना, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक शिवम दो भाइयों में छोटा था और दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता प्रदेश से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। इस अचानक हुई दिल दहला देने वाली घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और इस निर्मम हत्या के खुलासे की मांग कर रहे हैं।


एफएसएल (FSL) टीम ने की जांच, पुलिस ने शुरू की तफ्तीश

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और हथियारों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।


रिषभ की रिपोर्ट