Bihar Strom: तूफान का तांडव, कई घर हुए ध्वस्त, विशाल पेड़ गिरने यातायात हुआ बाधित

Bihar Strom: चक्रवाती तूफान की तबाही की खौफनाक तस्वीर सामने आई है।...

Bihar Strom: तूफान का तांडव, कई घर हुए ध्वस्त, विशाल पेड़ गि
चक्रवाती तूफान का खौफनाक कहर... - फोटो : reporter

Bihar Strom:  वैशाली के महुआ से चक्रवाती तूफान की तबाही की खौफनाक तस्वीर सामने आई है। तेज हवा का कहर इतना जबरदस्त था कि दुकान के अंदर घुसी हवा ने चंद सेकंड में पूरा सामान बिखेर दिया। CCTV फुटेज में तूफान की रफ्तार और उसके खौफनाक मंजर को साफ देखा जा सकता है। दुकान के अंदर मौजूद युवक खुद को और सामान को बचाने की जद्दोजहद करता रहा, लेकिन हवा के तेज वेग के आगे उसकी कोशिश बेअसर साबित हुई।

CCTV में दिखाई दे रहा है कि अचानक तेज हवा दुकान के भीतर दाखिल होती है। इसके साथ ही काउंटर पर रखे चिप्स, बिस्किट और दूसरे सामान के पैकेट हवा में उड़ने लगते हैं। देखते ही देखते करकट का शेड भी हवा की जद में आ जाता है। कुछ ही पलों में दुकान का काउंटर भी धराशायी हो जाता है। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद शख्स को संभलने तक का मौका मुश्किल से मिला।

बताया जा रहा है कि वैशाली में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही थीं। लेकिन शनिवार देर शाम महुआ अनुमंडल में मौसम ने अचानक विकराल रूप अख्तियार कर लिया। तेज आंधी ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया।

सबसे ज्यादा तबाही महुआ प्रखंड की शेरपुर मानिकपुर पंचायत के वार्ड नंबर 8 और 9 में बताई जा रही है। यहां दर्जनों घरों के करकट शेड तेज हवा के साथ उड़ गए। वहीं अख्तियारपुर गांव में कई विशाल पेड़ और बिजली के पोल जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़े। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

तूफान ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। अचानक आई आंधी ने खेतों में खड़ी फसल को प्रभावित किया है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का संकट खड़ा हो गया है।हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रही है और प्रभावित इलाकों में स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार