दबंगों ने मुखिया बेटे को दी जान से मारने की धमकी, थाने में मामला दर्ज

दबंगों ने मुखिया बेटे को दी जान से मारने की धमकी, थाने में म
मुखिया बेटे को दी जान से मारने की धमकी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गोपाल गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मथुरा पंचायत की मुखिया किस्मतिया देवी ने अपने पड़ोसियों पर घर पर चढ़कर गाली-गलौज करने और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित मुखिया ने बिदुपुर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।


बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे आरोपी, हाथ में थे अवैध हथियार

दिए गए आवेदन के अनुसार, बीते शुक्रवार 23 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे पड़ोसी बलवंत राणा और यशवंत राणा दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर मुखिया के घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने घर के पास पहुंचकर उनके बेटे के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और खुलेआम गोली मारने की धमकी दी। धमकी देने के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइकों से पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए। मुखिया का यह भी आरोप है कि उस दौरान उनके पास अवैध हथियार भी मौजूद थे।


जमीनी विवाद के मामले में मुखिया के घायल से मिलने पर उपजा विवाद

मुखिया के पति शिव नारायण राय ने इस पूरी घटना के पीछे की वजह का खुलासा करते हुए बताया कि दो दिन पहले उनकी पंचायत में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें एक पक्ष गंभीर रूप से घायल हो गया था। पंचायत की मुखिया होने के नाते किस्मतिया देवी अस्पताल में जाकर उस घायल व्यक्ति से मिली थीं। इसी बात से नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने यह धमकी दी है। बताया जा रहा है कि उस मारपीट की घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


आरोपी परिवार समेत फरार, पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना के बाद से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस ने मुखिया के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी परिवार समेत अपने घर से फरार चल जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट