वैशाली में तालिबानी सजा: भैंस चोरी के शक में युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा, तमाशबीन बने लोग बनाते रहे वीडियो
वैशाली जिले से मानवीय संवेदनाओं को तार-तार करने वाली एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है। भैंस चोरी के महज शक में उग्र भीड़ ने एक युवक को पकड़कर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और सरेआम उसकी बेदर्दी से पिटाई कर दी...
Vaishali : जिले से कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं को तार-तार करने वाली एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है। बिदुपुर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के महज शक में उग्र भीड़ ने एक युवक को पकड़कर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और सरेआम उसकी बेदर्दी से पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद लोग युवक को बचाने के बजाय मूकदर्शक बने रहे और मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते रहे, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जमींदारी घाट गांव का मामला, हाथ-पैर बांधकर की गई मॉब लिंचिंग की कोशिश
यह पूरी घटना वैशाली जिले के बिदुपुर थानांतर्गत जमींदारी घाट गांव की है। ग्रामीणों ने एक युवक पर भैंस चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे घेर लिया। इसके बाद कानून को ताक पर रखकर भीड़ ने युवक को तालिबानी सजा देनी शुरू कर दी। युवक के हाथ और पैर रस्सी से कसकर बांध दिए गए और गालियां देते हुए लोग उस पर लात-घूंसे व लाठियां बरसाते रहे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, तमाशबीन बनी रही भीड़
घटना का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि बेबस युवक रस्सी से बंधा पड़ा है और रहम की भीख मांग रहा है, लेकिन बेकाबू भीड़ उस पर लगातार अत्याचार कर रही है। अफसोसजनक पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद दर्जनों लोगों में से किसी ने भी हिंसा रोक कानून की मदद लेने की जहमत नहीं उठाई, बल्कि सभी अपने फोन में वीडियो रिकॉर्ड करने में व्यस्त रहे।
सूचना मिलते ही पहुंची बिदुपुर पुलिस, युवक को सुरक्षित बचाया
घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई। उन्होंने डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस बल को आनन-फानन में घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को उग्र भीड़ के चंगुल से मुक्त कराया और उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने ले आई, जिससे उसकी जान बच सकी।
पुलिस की चेतावनी: कानून हाथ में लेने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
इस घटना ने एक बार फिर यह गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या लोग कानून पर से भरोसा खोकर खुद ही न्याय करने की कोशिश कर रहे हैं? बिदुपुर थाना पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले और भीड़ को उकसाने वाले असमाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिषभ की रिपोर्ट