वैशाली के लापता विवेक के परिजनों को तेजस्वी यादव ने किया विडियो कॉल, न्याय दिलाने का दिया भरोसा

वैशाली के लापता विवेक के परिजनों को तेजस्वी यादव ने किया विड
वैशाली के लापता विवेक के परिजनों को तेजस्वी ने किया विडियो कॉल- फोटो : रंजन कुमार

Vaishali : जिले के लालगंज विधानसभा क्षेत्र के मरीचा गांव से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां करीब 48 घंटे से एक 19 वर्षीय विवेक कुमार नामक युवक लापता है। परिजनों ने इसे लेकर थाने में आवेदन दिया है, जिसमें युवक की गोली मारकर हत्या और साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसके शव को गायब करने की आशंका जताई है। युवक का 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नही मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए अब इस पर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है।


वीडियो कॉल के जरिए पीड़ित परिवार से जुड़े तेजस्वी यादव, बंधाया ढांढस

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद नेता व पूर्व विधायक मुकेश रौशन पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। वहीं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से लापता विवेक कुमार के परिजनों से बातचीत की। इस दौरान तेजस्वी यादव ने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव कानूनी मदद तथा न्याय दिलाने का पूरा भरोसा दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई कर पूरे मामले को बेनकाब करने की मांग की।


48 घंटे बीत जाने के बाद भी सुराग नहीं

परिजनों के अनुसार, घटना को बीते हुए 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक स्थानीय पुलिस न तो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पाई है और न ही गायब युवक का कोई सुराग ढूंढ पाई है। ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।


पुलिस और एसआईटी की टीमें कर रही हैं छापेमारी, जल्द खुलासे का दावा

स्थानीय पुलिस और प्रशासन इस सनसनीखेज मामले के खुलासे के लिए लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी अनुसंधान और मिले साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और शव की बरामदगी के लिए भी डॉग स्क्वायड मदद ली जा रही है।


रंजन की रिपोर्ट