Bihar Ganga Accident: रामनवमी पर मातम, गंगा में नहाने गई दो बच्चियां डूबीं, 13 साल की मासूम ने तोड़ा दम

Bihar Ganga Accident:एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां रामनवमी के मौके पर गंगा स्नान काल बन गया।...

Tragedy on Ram Navami 2 Girls Drown in Ganga One Dies
गंगा में नहाने गई दो बच्चियां डूबीं- फोटो : reporter

Bihar Ganga Accident: बिहार के राघोपुर प्रखंड से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां रामनवमी के मौके पर गंगा स्नान काल बन गया। जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के कुरथा घाट पर नहाने गईं दो चचेरी बहनें गहरे पानी में डूब गईं, जिसमें एक मासूम की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत को लेकर चिंता बनी हुई है।

मृतक की पहचान 13 वर्षीय सुरभि कुमारी उर्फ सत्तो कुमारी के रूप में हुई है, जो सुरेंद्र सिंह की पुत्री थी। घटना के बाद पूरे इलाके में ‘कोहराम’ मच गया और परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुरभि अपनी चचेरी बहन 14 वर्षीय रीना कुमारी के साथ परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गई थी। स्नान के दौरान दोनों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और ‘तेज धारा’ की चपेट में आकर डूबने लगीं।

मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और बहाव के आगे उनकी कोशिशें नाकाम हो गईं। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक बच्ची को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी ‘सांसें थम चुकी थीं’।

घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया चंदन सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। इस हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामनवमी जैसे पावन दिन पर हुई इस ‘दिल दहला देने वाली घटना’ ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार