Bihar News: रेलवे हॉल्ट पर टला बड़ा खतरा, बिना गेटमैन खुले फाटक पर 10 मिनट रुकी रही ट्रेन, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Bihar News:रेलवे की घोर लापरवाही ने यात्रियों की जान को खतरे में डाल दिया। ..

Bihar News: रेलवे हॉल्ट पर टला बड़ा खतरा, बिना गेटमैन खुले फ
बाल-बाल टला हादसा- फोटो : reporter

Bihar News:रेलवे की घोर लापरवाही ने यात्रियों की जान को खतरे में डाल दिया। वैशाली के घटारो हॉल्ट के पास नामीडीह-करताहां रोड पर स्थित रेलवे फाटक पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।

बताया जा रहा है कि वैशाली से कोडरमा जा रही ट्रेन को अचानक बीच रास्ते में रोकना पड़ा वजह थी खुला पड़ा रेलवे फाटक! हैरत की बात ये रही कि मौके पर कोई गेटमैन मौजूद नहीं था। ट्रेन करीब 10 मिनट तक वहीं खड़ी रही और लगातार हॉर्न बजाती रही, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अगर कोई बड़ा वाहन फाटक पार कर जाता, तो बड़ा हादसा तय माना जा रहा था। लेकिन वक्त रहते ट्रेन में मौजूद रेलवे के दो अधिकारियों ने हालात को संभाला। दोनों नीचे उतरे, खुद फाटक को बंद किया और फिर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।

घटना के बाद अधिकारी दोबारा ट्रेन पर सवार होकर रवाना हो गए, लेकिन पीछे छोड़ गए कई गंभीर सवाल। आखिर गेटमैन कहां था? सुरक्षा के इतने बड़े इंतजाम के बावजूद फाटक खुला कैसे रह गया?

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि यह लापरवाही किसी दिन बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। अब देखना यह है कि इस मामले में जिम्मेदारों पर कब और क्या कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार