Bihar Road Accident:रोड पर मौत का तांडव, ट्रक-टेंपो की भीषण भिड़ंत में 2 की मौत, 6 से ज्यादा जख्मी

Bihar Road Accident: ट्रक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए।...

Truck Tempo Crash
रोड पर मौत का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: वैशाली जिले में शुक्रवार को महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तिसिऔता थाना क्षेत्र के डभइत चौक के पास ट्रक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त टेंपो देखकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि हादसा शुक्रवार को महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर डभइत चौक के समीप हुआ। इसी दौरान ट्रक और टेंपो आमने-सामने आ गए और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, टेंपो में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही तिसिऔता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की प्रक्रिया भी की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

भीषण टक्कर के बाद महुआ-समस्तीपुर मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त टेंपो और अन्य सामान बिखरा होने के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मार्ग से वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार