यूपीएससी टॉप-10 में वैशाली का उज्जवल: दानवीर परिवार के चिराग ने देश में गाड़ा झंडा, इंजीनियर से बने IAS

वैशाली के विदुपुर निवासी उज्जवल प्रियांक ने यूपीएससी परीक्षा में देश भर में 10वीं रैंक हासिल की है। शिक्षा के क्षेत्र में दानवीर रहे प्रतिष्ठित परिवार के इस युवा ने तीसरे प्रयास में यह बड़ी कामयाबी पाई है।

यूपीएससी टॉप-10 में वैशाली का उज्जवल: दानवीर परिवार के चिराग

Vaishali - : बिहार की मेधा ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरी है। वैशाली जिले के विदुपुर प्रखंड अंतर्गत विदुपुर पंचायत (वार्ड 03) के निवासी उज्जवल प्रियांक ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया 10वां स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। अभियंता संजीव कुमार के इकलौते पुत्र की इस कामयाबी ने पूरे जिले और राज्य का मान बढ़ाया है।

तीसरे प्रयास में मिली ऐतिहासिक सफलता

उज्जवल प्रियांक की यह उपलब्धि उनकी निरंतर कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने यह मुकाम अपने तीसरे प्रयास में हासिल किया है। कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने वाले उज्जवल प्रारंभिक काल से ही मेधावी रहे हैं। उनके परिणाम घोषित होते ही उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पिता संजीव कुमार उर्फ जुगनू और माता अनामिका अपने पुत्र की इस सफलता पर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

प्रतिष्ठित शैक्षणिक पृष्ठभूमि और उपलब्धियां


उज्जवल की शिक्षा की नींव काफी मजबूत रही है। उन्होंने पटना के ज्ञान निकेतन से सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में 10 CGPA हासिल किया था। इसके बाद सेंट माइकल पटना से वर्ष 2018 में इंटरमीडिएट (ISC) की परीक्षा 96 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया और फिर प्रशासनिक सेवा की तैयारी में जुट गए।

समाज सेवा से जुड़ा रहा है परिवार का इतिहास

उज्जवल का परिवार विदुपुर क्षेत्र का अत्यंत प्रतिष्ठित और दानशील परिवार माना जाता है। उनके परदादा के नाम पर विदुपुर बाजार में रामनंदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल के लिए उनके दादा स्वर्गीय राम नरेश सिंह के बड़े भाइयों (नंदेश्वर सिंह एवं सुरेश सिंह) ने भूमि दान की थी। क्षेत्र के प्रतिष्ठित जमींदार रहे इस परिवार ने शिव मंदिर निर्माण सहित कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान दिया है।

शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने दी बधाई

सफलता की खबर फैलते ही विदुपुर दिलावरपुर पूर्वी स्थित उनके घर पर उत्सव जैसा माहौल है। बधाई देने वालों में मुखिया प्रतिनिधि अजीत सिंह, प्रोफेसर उमानाथ शर्मा, अवकाश प्राप्त शिक्षक सुनील कुमार सिंह सहित दर्जनों गणमान्य लोग शामिल रहे। नाना गोपालपुर प्रसाद शर्मा और पूरे ननिहाल (सोनपुर सबलपुर) में भी इस सफलता को लेकर खुशी की लहर है। लोग उज्जवल की इस कामयाबी को क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा मान रहे हैं।

Report - Rishav kumar