Bihar News : राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बांटी राहत सामग्री, पीड़ितों के साथ ज़मीन पर बैठकर खाया खाना
Bihar News : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने संसदीय क्षेत्र राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचे.जहाँ उन्होंने पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया........पढ़िए आगे
VAISHALI : केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद चिराग पासवान अपने संसदीय क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र राघोपुर पहुँचे, जहाँ उन्होंने जलप्रलय की मार झेल रहे सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। संकट की इस घड़ी में केंद्रीय मंत्री ने खुद आगे बढ़कर प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया और उनका ढांढस बंधाया।

सरायपुर पंचायत में बांटी राहत सामग्री
दौरे के क्रम में चिराग पासवान राघोपुर के सरायपुर पंचायत पहुँचे, जहाँ बाढ़ के पानी में घिरे ग्रामीणों के बीच चुड़ा, गुड़, त्रिपाल और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र का कोई भी पीड़ित परिवार राहत सुविधाओं और सहायता सामग्री से वंचित न रहे।

सामुदायिक रसोई में परोसा खाना, पीड़ितों संग खुद भी खाया
सरायपुर में राहत सामग्री बांटने के बाद केंद्रीय मंत्री गंगा ब्रिज थाना के समीप लगाए गए बाढ़ राहत शिविर पहुँचे। यहाँ उन्होंने शिविर में रह रहे विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद वे राहत शिविर में चल रही सामुदायिक रसोई में गए, जहाँ उन्होंने पहले अपने हाथों से बाढ़ पीड़ितों को खाना परोसा और फिर संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए खुद भी ज़मीन पर बैठकर पीड़ितों के बीच खाना खाया।

देशवासियों को दी जन्माष्टमी की बधाई
बाढ़ राहत शिविर में लोगों के बीच वक्त बिताने के बाद चिराग पासवान ने देश व प्रदेशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार इस कठिन समय में हर संभव मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ऋषभ की रिपोर्ट