वैशाली:सेना के जवान और पिता की हत्या पर बिफरे पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन, सरकार से की ₹2 करोड़ मुआवजे की मांग
वैशाली के बिदुपुर (रज़ासन) में सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय की जमीन विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने अपराधियों की गिरफ्तारी और ₹2 करोड़ मुआवजे की मांग की है।
बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत बिदुपुर थाना क्षेत्र के रज़ासन गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जमीन विवाद को लेकर अपराधियों ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ पीड़ित परिवार के घर पर जमा हो गई।
पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने की मुलाकात, पीड़ित परिवार के लिए ₹2 करोड़ मुआवजे की मांग
इस बेहद दुखद घटना की जानकारी मिलने के बाद महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन तुरंत रज़ासन गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। डॉ. मुकेश रौशन ने कहा कि सेना के जवान जितेंद्र कुमार और उनके पिता मुनारिक राय सामाजिक स्तर पर हमेशा गरीब-गुरबों और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। उनकी इस तरह निर्मम हत्या अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने बिहार सरकार से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को अविलंब सरकारी नौकरी और 2 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की जोरदार मांग की।

अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए SIT गठन की मांग, एसपी से की बात
पूर्व विधायक ने वैशाली जिले के आरक्षी अधीक्षक (एसपी) से फोन पर सीधे बात की और इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने एसपी के सामने इस पूरे मामले के उद्भेदन के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन करने की बात रखी, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को कड़ी से कड़ी कानूनी सजा दिलाई जा सके।

बिदुपुर थाना प्रभारी की कार्यशैली पर उठे सवाल, मौके पर मौजूद रहे सैकड़ों ग्रामीण
पीड़ित परिवार से मिलने के दौरान नागेंद्र राय, अभिषेक चौधरी, संतोष चौधरी, राम बच्चन सिंह, मुन्ना राय, वीरेंद्र सिंह, पंकज कुमार, युवराज यादव, कौशल यादव, अमोद सिंह, गुड्डू यादव, राणा सिंह और छोटू यादव सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान सभी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बिदुपुर थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि पुलिस की शिथिलता के कारण ही अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया कि उन्होंने सेना के जवान और उनके पिता की जान ले ली।
रिपोर्ट - रंजन कुमार