हाई-वोल्टेज ड्रामा: प्रेमिका के लिए बिजली टावर पर चढ़ा युवक, जहर की पुड़िया और बोतल के साथ दी जान देने की धमकी

वैशाली के बिदुपुर में अपनी पत्नी से मिलने की मांग को लेकर एक युवक बिजली टावर पर चढ़ गया। करीब 3 घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।

हाई-वोल्टेज ड्रामा: प्रेमिका के लिए बिजली टावर पर चढ़ा युवक,

Vaishali - : जिले के बरांटी थाना के ठीक सामने स्थित बिजली टावर पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक जान देने की नीयत से टावर के शिखर पर जा बैठा। बिदुपुर काली स्थान निवासी नीतीश यादव अपनी प्रेमिका (जिसे वह अपनी पत्नी बता रहा था) से मिलने की मांग पर अड़ा था। युवक के हाथ में चूहा मारने वाले जहर का पैकेट और एक बोतल देख नीचे खड़े लोगों और पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।

तीन साल का प्यार और शादी की तस्वीरें बनीं विवाद की वजह

नीतीश यादव का पिछले तीन साल से गांव की ही एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक का दावा है कि उसने लड़की से शादी कर ली थी, लेकिन लड़की के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और उसे जबरन अपने घर ले गए थे। विवाद तब और गहरा गया जब नीतीश ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा कर दीं। इसके बाद लड़की के पिता ने दबाव बनाकर तस्वीरें डिलीट करवा दीं और नीतीश को अपनी पत्नी से मिलने पर पाबंदी लगा दी।

प्रेमिका के पिता को बुलाने की जिद पर अड़ा आशिक

टावर पर चढ़ा नीतीश नीचे उतरने को तैयार नहीं था। उसकी मांग थी कि प्रेमिका के पिता को मौके पर बुलाया जाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए बिदुपुर थाने के पुलिस अधिकारी संदीप कुमार और डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची। जब काफी समझाने के बाद भी युवक नहीं माना, तो पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ (SDRF) और बचाव दल को सूचित किया।

तीन घंटे तक चला ड्रामा, आश्वासन के बाद उतरा नीचे

स्थानीय ग्रामीणों, परिजनों और पुलिस की करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नीतीश को नीचे उतारा जा सका। पुलिस और परिजनों द्वारा उसे उसकी प्रेमिका से मिलवाने का ठोस आश्वासन दिया गया, जिसके बाद वह नीचे आने को राजी हुआ। नीचे उतरते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और उसे अपने साथ घर ले गए।

पुलिस का आधिकारिक बयान


"स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिली थी कि एक युवक बिजली के पोल पर चढ़ गया है। बिदुपुर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर समझा-बुझाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया है।" — रवि प्रकाश, थानाध्यक्ष, बिदुपुर

Report - Rishav kumar