दिनदहाड़े गुंडागर्दी : युवक की बेरहमी से पिटाई, रंगदारी का विरोध करने पर दर्जनों बदमाशों ने घेरा, वीडियो वायरल
वैशाली के बिदुपुर में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। पीड़ित ने एक दर्जन युवकों पर रंगदारी मांगने और हथियार के बल पर हमला करने का आरोप लगाया है।
Vaishali - बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खालसा चौक पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक युवक को घेरकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ का हिंसक चेहरा साफ दिखाई दे रहा है।
रंगदारी मांगने का आरोप, हथियारबंद थे हमलावर
घायल युवक की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाज के दौरान गौरव ने बताया कि वह हाजीपुर से अपने घर लौट रहा था, तभी खालसा चौक पर लगभग एक दर्जन युवकों ने उसे रोक लिया। गौरव का आरोप है कि बदमाशों ने उससे रंगदारी मांगी और विरोध करने पर हथियारों से लैस हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित ने दावा किया है कि वह हमलावरों में से कुछ को नाम से और बाकी को चेहरे से पहचानता है।
सड़क पर मची अफरातफरी, घंटों बाधित रहा यातायात
मुख्य मार्ग पर सरेआम हो रही इस मारपीट के कारण मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। भारी संख्या में लोगों के इकट्ठा हो जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मारपीट के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल गौरव को तत्काल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट - रिषभ कुमार