वैशाली नाव हादसा: पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश पहुंचे राघोपुर, कहा-सिर्फ तबादले से नहीं चलेगा काम, होगी मुकम्मल कार्रवाई

वैशाली के राघोपुर में हुए नाव हादसे के तीसरे दिन शुक्रवार को बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पीड़ित परिवारों से मिल उनका ढ़ाढ़स बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने इस मामले में जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई को नाकाफी बताया...

वैशाली नाव हादसा: पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश पहुंचे राघो
राघोपुर नाव हादसे के पीड़ित परिवार से मिले मंत्री दीपक प्रकाश- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर गांव में बीते 13 तारीख की रात्रि लगभग 8:30 बजे 21 लोगों से भरी एक नाव पलट जाने के कारण एक बड़ा हादसा हो गया था। इस भीषण दुर्घटना में 13 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद से पूरे इलाके में गहरा मातम और शोक की लहर पसरी हुई है। घटना के बाद से लगातार राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों का क्षेत्र में दौरा जारी है।


घटना के तीसरे दिन पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश

आज शुक्रवार को इस दर्दनाक घटना के तीसरे दिन बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और मृत बच्चों के शोकसंतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए सरकार की ओर से हरसंभव मदद और सहायता प्रदान करने का पूरा भरोसा दिलाया।


अंचल अधिकारी (CO) के सिर्फ तबादले पर मंत्री ने जताई असहमति

इस पूरे मामले में वैशाली जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के तहत जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर राघोपुर अंचल अधिकारी (CO) दीपक कुमार का केवल तबादला किया गया है। हालांकि, इस प्रशासनिक कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की बड़ी त्रासदी में केवल तबादला कर देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषियों के खिलाफ मुकम्मल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासनिक स्तर पर हुई चूक को सुधारने और स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर करने का वादा

मंत्री दीपक प्रकाश ने स्वीकार किया कि प्रशासनिक स्तर पर गंभीर कॉलेप्स (चूक) हुई है, जिसे जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधारा जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की अवांछित और दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति को पूरी तरह रोका जा सके।


रिषभ की रिपोर्ट