वैशाली में ईंट लूट और मारपीट का मामला: चौकीदार समेत कई लोगों पर आरोप, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

वैशाली में ईंट लूट और मारपीट का मामला: चौकीदार समेत कई लोगों
वैशाली में ईंट लूट - फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : वैशाली थाना क्षेत्र के खेदड़पूरा गांव में ईंट चोरी और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता सुमन देवी ने गांव के ही विनोद राय, सकिंदर राय, जलेश्वर राय, उमेश राय, रामनाथ पासवान, रंजीत पासवान और वैशाली थाना के एक चौकीदार उमेश कुमार सिंह सहित कई अन्य लोगों पर उनके खेत के पास रखी ईंटों को जबरन लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।


लूट का विरोध करने पर लाठी-डंडे से किया हमला

पीड़िता के अनुसार, 10 मई को आरोपी बड़ी संख्या में एकजुट होकर आए और उनके खेत के बगल में रखी ईंटों को ट्रैक्टरों पर लादने लगे। जब सुमन देवी और उनके परिवार ने इस अवैध गतिविधि का कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों द्वारा पथराव भी किया गया। इस पूरी हिंसक वारदात का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर ट्रैक्टर पर ईंटें लादते साफ दिखाई दे रहे हैं।


पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप

इस मामले में वैशाली थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़िता सुमन देवी ने वैशाली थाना अध्यक्ष पर अपने ही विभाग के चौकीदार का पक्ष लेने और मामले को दबाने का संगीन आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर मामूली शिकायत तो दर्ज कर ली गई है, लेकिन न्याय के लिए जब उन्होंने हाजीपुर एससी/एसटी थाने में आवेदन दिया, तो घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं की है।


दूसरी ओर, आरोपी पक्ष ने इन आरोपों पर अपनी सफाई पेश की है। उनका दावा है कि जब वे ईंटें ले जा रहे थे, तब उन्होंने खुद पुलिस को इस बात की सूचना दी थी। इस सूचना के बाद मौके पर आपातकालीन सेवा डायल 112 की टीम भी पहुंची थी, लेकिन स्थिति को देखने के बाद पुलिस टीम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी पक्ष के इस दावे के बाद वैशाली पुलिस की तटस्थता और तत्परता पर सवालिया निशान और गहरे हो गए हैं।


पीड़ित ने एसपी से न्याय की लगाई गुहार

स्थानीय पुलिस प्रशासन से उचित सहयोग न मिलने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परेशान होकर पीड़िता ने अब वैशाली पुलिस अधीक्षक (एसपी) से लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद, अब यह देखना लाजमी होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में लिप्त अपने चौकीदार और अन्य दबंग आरोपियों के खिलाफ क्या दंडात्मक कदम उठाता है।


रिषभ की रिपोर्ट