Bihar Wedding Tragedy: शादी के मंडप से उठी अर्थी,जयमाला से पहले दुल्हन की मौत, गांव में तनाव का माहौल
Bihar Wedding Tragedy: जहां एक घर में शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहीं कुछ ही घंटों में माहौल मातम और सन्नाटे में बदल गया। ....
Bihar Wedding Tragedy: जहां एक घर में शहनाइयों की गूंज होनी थी, वहीं कुछ ही घंटों में माहौल मातम और सन्नाटे में बदल गया। बिहार के वैशाली जिले के चेहराकलां प्रखंड अंतर्गत कटहरा थाना क्षेत्र में एक ऐसी दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, जयमाला से ठीक पहले दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुल्हन और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर जहर की गोली खा ली थी, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं प्रेमी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।
यह शादी मुजफ्फरपुर जिले से आई बारात के साथ हो रही थी। दूल्हा पूरी बारात लेकर गांव पहुंच चुका था और स्टेज पर जयमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक दुल्हन स्टेज पर गिर पड़ी। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य कमजोरी या लो ब्लड प्रेशर बताया, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति गंभीर हो गई।
इस घटना के बाद पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। बाराती और घराती दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। दूल्हा पूरी रात इंतजार करता रहा, लेकिन सुबह होते-होते दुल्हन की मौत की खबर ने सभी को तोड़ दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। सूत्रों के अनुसार, दुल्हन का प्रेमी भी उसी गांव का रहने वाला है और उसने भी जहर खाया था। घटना के बाद गांव में तनाव और चर्चाओं का माहौल बन गया। कुछ लोगों का कहना है कि वधु और वर पक्ष के बीच विवाद भी हुआ और पंचायत स्तर पर आर्थिक दंड की बात सामने आई है।
सबसे गंभीर आरोप यह भी हैं कि बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि इस पूरे मामले पर संजीव कुमार दुबे ने कहा है कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। जहां एक तरफ इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस जांच और बिना पोस्टमार्टम दाह संस्कार पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार