Bihar News: कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, वैशाली में LPG के दुरुपयोग पर ताबड़तोड़ छापेमारी,कई होटल बेनकाब
Bihar News:प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और एलपीजी गैस के दुरुपयोग के खिलाफ सख्त तेवर अपना लिया है।
Vaishali: प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और एलपीजी गैस के दुरुपयोग के खिलाफ सख्त तेवर अपना लिया है। जिला प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी और सघन छापेमारी अभियान चलाकर यह साफ संदेश दिया जा रहा है कि अब कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल जैसी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। इसी कड़ी में महनार प्रखंड में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में स्टेशन रोड स्थित राज दरबार होटल में छापेमारी की गई, जहां जांच के दौरान तीन घरेलू एलपीजी सिलेंडर व्यावसायिक इस्तेमाल में पाए गए।
यह सीधा-सीधाआवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस विनियमन आदेश 2000 का उल्लंघन है। प्रशासन ने बिना देर किए होटल संचालक के खिलाफ महनार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दी है। वहीं हाजीपुर अनुमंडल क्षेत्र में भी संयुक्त टीम ने बड़ा अभियान चलाया। गांधी चौक से अनवरपुर चौक तक की गई सघन छापेमारी में 17 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल अवैध रूप से हो रहा था। कार्रवाई की जद में कई होटल और प्रतिष्ठान आए, जहां नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।
प्रशासन ने सभी दोषियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-7 के तहत नगर थाना, हाजीपुर में केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कदम न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि आम उपभोक्ताओं के हक की हिफाजत भी सुनिश्चित करता है। इसके साथ ही आम जनता की सहूलियत के लिए जिला कंट्रोल रूम भी 24×7 सक्रिय कर दिया गया है, जहां लोग अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में LPG, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी तरह की कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार