Bihar Crime: जमीन की जंग में खूनी संग्राम, लाठी-डंडे, चाकू-तलवार से हमला,11 जख्मी, 4 की हालत नाज़ुक

Bihar Crime: जमीन की हिंसक झड़प में कुल 11 लोग ज़ख्मी बताए जा रहे हैं, जिनमें चार की हालत बेहद नाज़ुक है।...

Vaishali  land dispute escalated into a bloody battle 11 inj
जमीन की जंग में खूनी संग्राम- फोटो : reporter

Bihar crime: बिहार के वैशाली ज़िले से एक बार फिर ख़ून-खराबे की सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है, जहाँ जमीन का विवाद खूनी टकराव में तब्दील हो गया। राघोपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गाँव में दो पक्षों के बीच ऐसा बवाल मचा कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। मारपीट, चीख-पुकार और हथियारों की खनक से गांव का सुकून चंद मिनटों में राख हो गया। इस हिंसक झड़प में कुल 11 लोग ज़ख्मी बताए जा रहे हैं, जिनमें चार की हालत बेहद नाज़ुक है।

सूत्रों के मुताबिक, दो परिवारों के बीच अरसे से ज़मीन को लेकर तनातनी चली आ रही थी। कई दफा पंचायत और आपसी बातचीत से मसले को सुलझाने की कोशिश हुई, लेकिन अदावत की आग भीतर ही भीतर सुलगती रही। चिंगारी तब भड़की जब एक पक्ष की महिलाएं विवादित खेत में आलू खोदने पहुंचीं। दूसरे पक्ष ने इसे “कब्ज़े” की कोशिश करार दिया और देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदली, फिर मामला हाथापाई से आगे बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ ही पलों में दोनों तरफ से लाठी-डंडे, चाकू और तलवारें निकल आईं। वार पर वार हुए, सिर फूटे, खून बहा और अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। हालात इतने बेकाबू हो गए कि ग्रामीणों को बीच-बचाव के लिए आगे आना पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को फतेहपुर पीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चार गंभीर रूप से घायल लोगों को पटना के एनएमसीएच रेफर कर दिया गया। गांव में अब भी तनाव का माहौल है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार