Bihar Police: थाने का सूखे नशे के कारोबारियों से सांठगांठ करना पड़ा महंगा, थानाध्यक्ष समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित

Bihar Police: सूखा नशा कारोबारियों से सांठगांठ के आरोप में महनार थानाध्यक्ष समेत कुल नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।...

Vaishali Mahnar SHO Among 9 Cops Suspended Over Drug Nexus
थानाध्यक्ष समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित- फोटो : reporter

Bihar Police: वैशाली महनार थाना में चल रहे खेल को लेकर पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई की है। सूखा नशा कारोबारियों से सांठगांठ के आरोप में महनार थानाध्यक्ष समेत कुल नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई की जद में थानाध्यक्ष, डायल-112 प्रभारी, एक एएसआई, दो सिपाही और चार चौकीदार शामिल हैं।

निलंबित पुलिसकर्मियों में महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह, डायल-112 प्रभारी, एएसआई राजेश कुमार, सिपाही राजीव कुमार, महिला सिपाही निशा कुमारी, चौकीदार रौशन कुमार, राजन पासवान, रघुनाथ कुशवाहा और चौकीदार पुतलेश कुमार शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी महनार थाना में तैनात बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि महनार थाना क्षेत्र में सूखा नशा के कारोबार को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे थे। आरोप है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ कुछ पुलिसकर्मियों की कथित सांठगांठ थी। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर से कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई के बाद महनार थाना में हड़कंप मच गया है। एक साथ थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मियों के निलंबन को पुलिस महकमे में गंभीर कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, निलंबन के आरोपों की विस्तृत जांच और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने निलंबन की कार्रवाई की पुष्टि की है। पुलिस स्तर पर अब यह भी जांच का विषय होगा कि कथित तौर पर नशा कारोबारियों के साथ संपर्क या सांठगांठ में किन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की भूमिका रही और इस पूरे मामले में अन्य कोई व्यक्ति या पुलिसकर्मी शामिल था या नहीं।पुलिस मुख्यालय की इस कार्रवाई से यह संदेश भी गया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर विभागीय स्तर पर सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। 

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार