Bihar Crime: गायब छात्रा का रहस्य गहराया, एक महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

Bihar Crime: दिव्या रोज की तरह घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिवार का आरोप है कि गायब होने से एक दिन पहले रेलवे फाटक के पास कुछ बदमाशों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया था।

Bihar Crime: गायब छात्रा का रहस्य गहराया, एक महीने बाद भी नह
गायब छात्रा का रहस्य गहराया - फोटो : RISABH

Vaishali: जिले के करताहाँ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब एक महीने पहले स्कूल के लिए निकली छात्रा दिव्या रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। वक्त बीतता जा रहा है, लेकिन अब तक न कोई ठोस सुराग मिला है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है, जिससे पूरे इलाके में बेचैनी और गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

परिजनों के मुताबिक, दिव्या रोज की तरह घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिवार का आरोप है कि गायब होने से एक दिन पहले रेलवे फाटक के पास कुछ बदमाशों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। उस घटना के बाद बच्ची काफी डरी-सहमी थी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

दिव्या के लापता होने के बाद करताहाँ थाना में मामला दर्ज तो हुआ, लेकिन परिजनों का कहना है कि जांच की रफ्तार बेहद सुस्त रही और केस धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। एक महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जो कई सवाल खड़े करता है। इस मामले को लेकर अब स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और नाराजगी साफ नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर शुरुआत में ही सख्त कार्रवाई होती, तो शायद आज स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

परिवार ने आशंका जताई है कि कहीं यह मामला वैशाली के चर्चित संजना भारती हत्याकांड की तरह लंबा और दर्दनाक न बन जाए, जहां लंबे समय बाद शव बरामद हुआ था। यह मामला न केवल एक परिवार की पीड़ा को दर्शाता है, बल्कि कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवालिया निशान खड़ा करता है। दिव्या के परिजन हर दिन उसकी वापसी की उम्मीद में दर-दर भटक रहे हैं, जबकि पूरे इलाके की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर कब तक लापरवाही और सुस्ती के बीच मासूम जिंदगियां यूं ही गायब होती रहेंगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार