बेउर जेल में रची गई थी सूरत SBI बैंक से 50 लाख की डकैती की साजिश! वैशाली में हथियार के साथ पकड़ा गया कुख्यात

गुजरात के सूरत स्थित एसबीआई शाखा से 50 लाख रुपये की भीषण डकैती मामले में वांछित कुख्यात अपराधी पियूष कुमार उर्फ प्रिंस कुमार को बलिगांव थाना पुलिस ने हबीबपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।बेउर जेल में रची गई थी इस बड़ी डकैती की साजिश।

Surat SBI Bank Robbery Accused Arrested
वैशाली पुलिस ने सूरत एसबीआई 50 लाख डकैती का आरोपी पकड़ाया- फोटो : news 4 nation

वैशाली जिले की बलिगांव थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हबीबपुर पुल के पास से एक कुख्यात अपराधी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाश की पहचान महिसौर थाना क्षेत्र के मुर्तुजापुर गांव निवासी पियूष कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने प्रेस वार्ता कर इस गिरफ्तारी का विधिवत खुलासा किया।


गुजरात के सूरत एसबीआई से 50 लाख की लूट का मुख्य आरोपी

एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार पियूष कुमार गुजरात के सूरत शहर स्थित एसबीआई (SBI) शाखा से 50 लाख रुपये की डकैती मामले में सूरत पुलिस का मुख्य वांछित आरोपी है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 27 अप्रैल 2026 में उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर 50 लाख रुपये की भीषण डकैती को अंजाम दिया था। इसके अलावा आरोपी ने अपने गिरोह के साथ मिलकर झारखंड के गोड्डा जिले में भी एक्सिस बैंक की शाखा लूटने का प्रयास किया था, जिसमें वे असफल रहे थे।


बेउर जेल से रची गई थी बैंक डकैती की साजिश

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वर्ष 2022 में पटना में रहने के दौरान उसकी मुलाकात बेउर जेल में बंद कुख्यात धीरज सिंह बावला से हुई थी। उसी की योजना के तहत उसने सूरत पहुंचकर अन्य साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा आरोपी ने अपने गिरोह के साथ झारखंड के गोड्डा जिले में भी एक्सिस बैंक शाखा लूटने का प्रयास किया था।


पहचान बदलकर पटना में छिपा था अंतरराज्यीय अपराधी

सूरत में वारदात को अंजाम देने के बाद पियूष ट्रेन से पटना लौट आया और अपनी असली पहचान छुपाने के लिए नाम बदलकर 'प्रिंस कुमार' रख लिया। सूरत पुलिस द्वारा गिरोह के सरगना समेत कई साथियों की गिरफ्तारी के बावजूद वह नाम बदलकर और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।


गुजरात पुलिस से संपर्क, आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

बलिगांव पुलिस को शुक्रवार देर रात हबीबपुर पुल के पास अपराधियों के जुटने की सटीक जानकारी मिली थी, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस कुख्यात का पूरा आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गुजरात पुलिस से भी संपर्क स्थापित कर रही है।