सोशल मीडिया पर 'डॉन' बनना पड़ा भारी - रील में पिस्टल लहराने वाले युवक को वैशाली पुलिस ने दबोचा, घर से मिला हथियारों का जखीरा

वैशाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियार चमकाने वाले विकास शुक्ला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने एक दोनाली बंदूक, 33 कारतूस और विदेशी शराब बरामद की है।

सोशल मीडिया पर 'डॉन' बनना पड़ा भारी - रील में पिस्टल लहराने व

Vaishali - वैशाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने के शौकीन एक युवक को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। इस कार्रवाई की जानकारी महुआ अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ संजीव कुमार ने दी 

हथियार लहराने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान विकास कुमार उर्फ विकास शुक्ला के रूप में हुई है, जो विशनपुर तितरा गांव के वार्ड 11 का रहने वाला है। एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि बरांटी थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें विकास को सरेआम पिस्टल लहराते हुए देखा गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक अक्सर ऐसे वीडियो और फोटो पोस्ट कर इलाके में अपना वर्चस्व दिखाने और लोगों के बीच दहशत फैलाने का काम करता था।

हथियारों का जखीरा और विदेशी शराब बरामद

वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विकास के पास से एक अवैध दोनाली बंदूक और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर के 33 जिंदा कारतूस, 13 खाली खोखे, एक पिस्तौलनुमा एयर गन और 180 मिलीलीटर विदेशी शराब भी जब्त की गई है।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई

इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व बरांटी थाना अध्यक्ष पप्पू कुमार और सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने किया । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है । वैशाली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न करें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

रिपोर्ट - रिषभ कुमार