Bihar Crime: पुलिस ने चोरी की बाइक पर चल रहे शराब तस्करी का किया भंडाफोड़, देशी शराब के साथ पांच बाइक किया जब्त
Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी है इसके बावजूद शराब की तस्करी रुक नहीं पा रही है। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है......पढ़िए आगे
Vaishali: जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर अवैध शराब तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को 70 लीटर देशी शराब और पांच चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई माईल गांव में एएलटीएफ टीम की मदद से अंजाम दी गई।
सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ शराब तस्कर चोरी की बाइकों पर शराब का कारोबार चला रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तुरंत छापेमारी की। छापेमारी के दौरान राजीव कुमार चौधरी (पिता राम नारायण चौधरी, निवासी माईल, थाना बिदुपुर) को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से 70 लीटर देशी शराब और पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह लंबे समय से शराब तस्करी में लिप्त है और चोरी की बाइकों का इस्तेमाल शराब बेचने के लिए करता था। इसके अलावा उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। अभियुक्त पहले भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करता था और उनका इस्तेमाल अवैध शराब बेचने के लिए करता था। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई इलाके में कानून-व्यवस्था कायम रखने और अवैध शराब तस्करी को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों की सूचना के चलते ही यह गिरोह पकड़ा गया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें, ताकि ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार