एक गिरफ्तारी और दो कांडों का अंत : 24 घंटे में दवा कारोबारी लूटकांड का खुलासा, मुख्य सरगना गिरफ्तार

वैशाली पुलिस ने महनार में दवा कारोबारी से हुई लूट का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। मुख्य अपराधी आदित्य ठाकुर को 1.14 लाख रुपये और गहनों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

एक गिरफ्तारी और दो कांडों का अंत : 24 घंटे में दवा कारोबारी

Vaishali - वैशाली पुलिस ने महनार में दवा कारोबारी के साथ हुई लूट की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने न केवल गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया, बल्कि उसके पास से लूटी गई रकम से भी अधिक राशि और आभूषण बरामद किए हैं। 

सीसीटीवी से खुला राज, 6 घंटे में हुई पहचान

महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि 13 फरवरी की रात दवा कारोबारी से हुई लूट के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महज 6 घंटे के भीतर अपराधियों की शिनाख्त कर ली गई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने देसरी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर में छापेमारी कर मुख्य सरगना आदित्य ठाकुर को धर दबोचा। 

एक गिरफ्तारी और दो लूटकांडों का खुलासा

गिरफ्तार अपराधी आदित्य ठाकुर ने पुलिस की पूछताछ में न केवल महनार की वारदात, बल्कि पिछले दिनों सहदेई थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने उसके पास से कुल 1 लाख 14 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह बरामदगी दोनों लूटकांडों से जुड़ी बताई जा रही है। 

शातिर अपराधी है आदित्य ठाकुर

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आदित्य ठाकुर कोई नौसिखिया नहीं बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाल रही है ताकि उसके नेटवर्क की गहराई का पता लगाया जा सके। 

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

इस लूट गिरोह में आदित्य के साथ अन्य अपराधी भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही गिरोह के शेष सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। 24 घंटे के भीतर हुए इस उद्भेदन से स्थानीय व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है।

Report - Rishav kumar